-मुजफ्फरपुर में थीम वाले मॉडल बूथ बने आकर्षण का केंद्र — विदेशी प्रतिनिधियों ने सराहा लोकतंत्र का उत्सव
मुजफ्फरपुर।दीपक कुमार तिवारी।
लोकतंत्र के महापर्व मतदान के दिन मुजफ्फरपुर शहर में मतदान को उत्सव का रूप देने के लिए नगर निगम और जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से कई थीम आधारित मॉडल बूथ बनाए गए, जो मतदाताओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन गए। इन बूथों ने मतदान को न सिर्फ प्रेरक बनाया बल्कि इसे यादगार अनुभव में बदल दिया।
मुख्य आकर्षण:
प्रत्येक बूथ पर दो-दो एएनएम (स्वास्थ्यकर्मी) तैनात रहीं ताकि मतदाताओं को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधा मिल सके।
पहले 10 मतदाताओं को सीड बॉल्स देकर सम्मानित किया गया।
साथ ही तीन विशेष मतदाताओं — पहली बार वोट देने वाले, सबसे वरिष्ठ मतदाता और महिला मतदाता — को गमले सहित पौधे भेंट किए गए।
थीम आधारित बूथों की झलक:
रेलवे क्षेत्रीय प्रशिक्षण महाविद्यालय, कम्पनी बाग:
लीची थीम बूथ (बूथ संख्या 80 और 81) — मुजफ्फरपुर की प्रसिद्ध शाही लीची की पहचान को दर्शाने वाला यह बूथ स्थानीय गौरव का प्रतीक बना।
एस.के.जे. लॉ कॉलेज, गन्नीपुर:
बुद्ध थीम बूथ (बूथ संख्या 191 से 194 तक) — इस बूथ ने शांति, करुणा और जागरूकता का संदेश दिया।

सराय सैयद अली बालिका उच्च विद्यालय, दामुचक:
पिंक बूथ (टेडी बेयर थीम – बूथ संख्या 179, 180, 181, 185 और 188) — यह बूथ महिलाओं और युवा मतदाताओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
आदर्श राजकीय मध्य विद्यालय, सरैयागंज, बैंक रोड:
यहां “छोटी चिरैया” थीम से बूथ को सजाया गया, जो बिहार विधानसभा चुनाव की थीम पर आधारित रहा।
विदेशी प्रतिनिधियों ने सराहा लोकतंत्र का उत्सव:
मतदान के दिन फिलीपींस दूतावास से आए विदेशी प्रतिनिधि मेलिसा ऐन टेलन और रॉजेलियो बी. सिल्वा जूनियर ने नगर आयुक्त विक्रम विरकर के साथ रेलवे क्षेत्रीय प्रशिक्षण महाविद्यालय, आदर्श राजकीय मध्य विद्यालय सरैयागंज, और स्मार्ट सिटी कार्यालय स्थित आईसीसीसी कंट्रोल रूम का भ्रमण किया।
दोनों प्रतिनिधियों ने भारत के लोकतांत्रिक माहौल और मतदाताओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी की प्रशंसा की।
नगर आयुक्त विक्रम विरकर ने कहा — “मुजफ्फरपुर के थीम आधारित बूथ न केवल मतदान को उत्सव का रूप देते हैं, बल्कि शहर की पहचान, स्वच्छता और जनजागरूकता को भी मजबूत करते हैं।”











