Advertisement

मुजफ्फरपुर में झाड़ी से शव मिलने से सनसनी, पुलिस हत्या के एंगल से कर रही जांच

-मुजफ्फरपुर में झाड़ी से शव मिलने से सनसनी, पुलिस हत्या के एंगल से कर रही जांच

मुजफ्फरपुर। जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कच्ची पक्की ओपी के आगा नगर जाने वाली सड़क के किनारे गुरुवार को झाड़ियों से एक शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शव किसी किन्नर का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मृतक की आधिकारिक पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस स्थानीय लोगों और किन्नर समुदाय के सहयोग से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।


शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई हो और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को सुनसान झाड़ियों में फेंक दिया गया हो। हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही कच्ची पक्की ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल के आसपास से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा मामले की गहन जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। ग्रामीणों ने क्षेत्र में पुलिस गश्ती व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की मांग की। वहीं, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा मृतक की पहचान और घटना के कारणों का जल्द खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।