-पीयर थाना में दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित
मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक।
आश्विन दुर्गा पूजा को लेकर पीयर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जिसमें शांतिपूर्ण तरीके से क्षेत्र में दुर्गा पूजा एवं मेला आदि को लेकर निर्देशित किया गया। इस दौरान डीजे बजाने को पूर्णत प्रतिबंध किया गया है। बैठक में शामिल वरीय उपसमाहर्ता सह बन्दरा सीओ जुली कुमारी ने बताया कि दुर्गा पूजा एवं मेला के दौरान महिला सुरक्षा को लेकर महिला स्वयंसेवकों की भी तैनाती होनी चाहिए, वही सभी तरह की गतिविधियों के आयोजन के दौरान किसी भी तरीके के उपद्रवियों पर नजर रखने के लिए पूजा समिति के द्वारा स्वयंसेवकों की व्यवस्था होनी चाहिए। किसी कुव्यवस्था,अराजकता एवं उपद्रव के लिए पूजा समिति के कार्यकर्ता जिम्मेवार होंगे। पूजा आयोजन से लेकर विसर्जन तक डीजे बजाने,नाच-गाने,अश्लील प्रदर्शन,असामाजिक एवं अमानवीय गतिविधियों आदि को पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है।

बैठक के दौरान सरकार के दिशा निर्देशों को लेकर सभी लोगों को अवगत कराया गया।थानाध्यक्ष पंकज यादव ने बताया कि सभी आयोजन समिति को अनिवार्य रूप से लाइसेंस लेने को निर्देशित किया गया है। विसर्जन एवं जुलूस के दौरान भी सम्पूर्ण सतर्कता को लेकर उन्होंने निर्देशित किया।मौके पर बन्दरा बीडीओ आमना वसी एवं पीयर थाना के अन्य सह अधिकारी भी थे। इस दौरान क्षेत्र के तमाम जनप्रतिनिधि, सामाजिक प्रतिनिधि, पूजा समिति के अध्यक्ष,सचिव एवं अन्य कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद थे।












