दरधा बाजार में अधूरी सड़क बनी हादसों का कारण, बारिश में फिसलकर गिर रहे बाइक सवार
मुजफ्फरपुर। मुसहरी प्रखंड के दरधा बाजार में आधी-अधूरी सड़क लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क की बदहाल स्थिति और बारिश के बाद कीचड़ व फिसलन के कारण आए दिन बाइक और ऑटो के पलटने की घटनाएं सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य अधूरा रहने से आवागमन के दौरान लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
शुक्रवार दोपहर बारिश के दौरान दरधा बाजार की सड़क पर स्थिति और भी खराब हो गई। सड़क पर फिसलन बढ़ने के कारण कई बाइक सवार संतुलन खोकर गिर पड़े। हादसों में कई लोग घायल और चोटिल हुए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बारिश के दिनों में इस मार्ग से गुजरना और भी जोखिम भरा हो जाता है।

लोगों का कहना है कि सड़क की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। बाजार में रोजाना बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों की आवाजाही होती है। ऐसे में अधूरी और बदहाल सड़क किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने तथा सड़क को सुरक्षित और चलने योग्य बनाने की मांग की है, ताकि आए दिन होने वाले हादसों पर रोक लग सके।














