Advertisement

मुजफ्फरपुर के लाल वाइस एडमिरल आलोक आनंद बने भारतीय नौसेना अकादमी एझिमाला के 13वें कमांडेंट

-मुजफ्फरपुर के लाल वाइस एडमिरल आलोक आनंद बने भारतीय नौसेना अकादमी एझिमाला के 13वें कमांडेंट

मुजफ्फरपुर। शहर के भगवानपुर स्थित आईजी कॉलोनी निवासी वाइस एडमिरल आलोक आनंद ने भारतीय नौसेना अकादमी, एझिमाला के 13वें कमांडेंट के रूप में कार्यभार ग्रहण किया है। उनकी इस महत्वपूर्ण नियुक्ति से मुजफ्फरपुर ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार में गर्व और खुशी का माहौल है।
वाइस एडमिरल आलोक आनंद ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मुजफ्फरपुर से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने भारतीय नौसेना अकादमी में प्रवेश लेकर नौसेना में अपने गौरवशाली करियर की शुरुआत की। करीब 36 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने भारतीय नौसेना के कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया तथा देश के अत्याधुनिक युद्धपोतों की सफलतापूर्वक कमान संभाली।
वर्ष 2015 में यमन से भारतीय एवं विदेशी नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए चलाए गए ‘ऑपरेशन राहत’ में उत्कृष्ट नेतृत्व और उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें युद्ध सेवा पदक से सम्मानित किया गया था। कमांडेंट का पदभार संभालने से पहले वह भारतीय नौसेना के पूर्वी बेड़े (ईस्टर्न फ्लीट) के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।


भारतीय नौसेना अकादमी के कमांडेंट के रूप में वाइस एडमिरल आलोक आनंद की प्राथमिकताओं में प्रारंभिक अधिकारी प्रशिक्षण को और अधिक सुदृढ़ बनाना, विशेष बलों के लिए उत्कृष्ट सैन्य प्रशिक्षण, आधुनिक सैन्य शिक्षा तथा नेतृत्व विकास को बढ़ावा देना शामिल है। अकादमी का उद्देश्य भारतीय नौसेना, भारतीय तटरक्षक बल और मित्र देशों की नौसेनाओं के अधिकारियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।
वाइस एडमिरल आलोक आनंद की यह उपलब्धि मुजफ्फरपुर और बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत मानी जा रही है। उनके इस नए दायित्व पर शहरवासियों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।