-मुजफ्फरपुर के बड़े होटल में झारखंड पुलिस की छापेमारी, युवक हिरासत में
-रांची की बड़ी चोरी से जुड़ा होने का संदेह
मुजफ्फरपुर: झारखंड पुलिस की विशेष टीम ने मुजफ्फरपुर पुलिस के सहयोग से सोमवार अहले सुबह शहर के एक बड़े होटल में छापेमारी कर एक युवक को हिरासत में लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से होटल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल विशेष टीम युवक से गहन पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, रांची पुलिस एक मामले की जांच के सिलसिले में मुजफ्फरपुर पहुंची थी। स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए शहर के एक प्रतिष्ठित होटल में दबिश दी गई, जहां से मुजफ्फरपुर निवासी एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, युवक पर रांची में हुई एक बड़ी चोरी की वारदात में शामिल होने का संदेह है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद वह मुजफ्फरपुर के इसी होटल में ठहरा हुआ था। पुख्ता सूचना मिलने पर झारखंड पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया।
सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियों को यह भी आशंका है कि हिरासत में लिया गया युवक बड़े स्तर पर सोने के कारोबार या डीलिंग से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
मामले की जांच कर रहे अधिकारियों ने अनुसंधान प्रभावित होने का हवाला देते हुए फिलहाल विस्तृत जानकारी साझा करने से इनकार किया है। उनका कहना है कि पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल झारखंड पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच जारी है। अब जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि रांची में दर्ज चोरी के मामले में युवक की भूमिका क्या थी और उसका कथित संबंध किस स्तर तक था।












