Advertisement

मुख्यमंत्री ने बिपार्ड, गयाजी में मंथन-2025 दो दिवसीय कार्यशाला का किया उद्घाटन

-मुख्यमंत्री ने बिपार्ड, गयाजी में मंथन-2025 दो दिवसीय कार्यशाला का किया उद्घाटन

गया/पटना।दीपक कुमार तिवारी।

मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को गयाजी स्थित बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) में आयोजित मंथन-2025 दो दिवसीय कार्यशाला का दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। इस कार्यशाला में बिहार के सभी प्रमंडलीय आयुक्त एवं जिलाधिकारी शामिल हुए हैं।

उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं को तेजी और बेहतर ढंग से धरातल पर उतारना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पूरी संवेदनशीलता, लगन और ईमानदारी के साथ जनकल्याण के लिए कार्य करें, क्योंकि जनता को प्रशासन से बड़ी उम्मीदें रहती हैं। मुख्यमंत्री ने बिहार को देश के शीर्ष पांच विकसित राज्यों में शामिल करने के लक्ष्य की चर्चा करते हुए कहा कि इस दिशा में सरकार द्वारा बनाई गई योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करना आवश्यक है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ और प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मंथन-2025 कार्यशाला में शामिल सभी प्रमंडलीय आयुक्तों और जिलाधिकारियों के साथ सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाईl

मुख्यमंत्री ने बिपार्ड परिसर में विकसित विभिन्न संरचनाओं एवं केंद्रों का उद्घाटन किया। इनमें संवाद वाटिका, योगा परिसर, बिपार्ड लॉन, नक्षत्र वन, पुनर्योजित ब्रह्म योनि सरोवर, हॉर्स राइडिंग ट्रैक, पुस्तकालय (बिक्रमशिला), मोटरवाहन प्रशिक्षण केंद्र, अंतरिक्ष गैलरी, बिपार्ड दीर्घा एवं उत्कृष्टता केंद्र शामिल हैं। उद्घाटन के पश्चात मुख्यमंत्री ने इन सभी स्थलों का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा पूरे बिपार्ड परिसर का जायजा लिया।

कार्यक्रम में विधायक श्रीमती मनोरमा देवी, विधायक श्रीमती ज्योति देवी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव सह बिपार्ड महानिदेशक डॉ. बी. राजेन्दर, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अनुपम कुमार, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव श्री अभय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ. गोपाल सिंह, मगध प्रमंडल की आयुक्त डॉ. सफीना ए.एन., मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक श्री क्षत्रनील सिंह, गया के जिलाधिकारी श्री शशांक शुभंकर, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कांतेश कुमार मिश्र सहित सभी प्रमंडलीय आयुक्त, जिलाधिकारी एवं अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर बोधगया मंदिर प्रबंधन की ओर से मुख्यमंत्री को प्रतीक चिह्न भी भेंट किया गया।