-मानसून की सुस्त चाल से बढ़ी परेशानी, मुजफ्फरपुर में उमस से लोग बेहाल
-23-24 जून को हल्की बारिश के आसार
मुजफ्फरपुर। उत्तर बिहार में मानसून के आगमन के बावजूद अच्छी बारिश का इंतजार अभी भी जारी है। मुजफ्फरपुर समेत आसपास के जिलों में सोमवार को भी मौसम का मिजाज लगभग रविवार जैसा ही रहा। सुबह बादलों और पुरवा हवा के कारण मौसम सुहावना नजर आया, लेकिन सुबह नौ बजे के बाद तेज धूप निकलने से गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।
सोमवार को मुजफ्फरपुर का अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर उमस भरी गर्मी के कारण लोग परेशान रहे। बाजारों और सड़कों पर दोपहर के समय सामान्य दिनों की अपेक्षा कम चहल-पहल देखने को मिली।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के जलवायु परिवर्तन उच्च अध्ययन केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि 23 और 24 जून को उत्तर बिहार के एक-दो स्थानों पर 4 से 6 मिमी तक हल्की वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जिससे उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर बिहार के विभिन्न जिलों में मौसम का अलग-अलग प्रभाव देखने को मिलेगा। 24 जून को मधुबनी जिले में 65 से 70 मिमी तक भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। वहीं पूर्वी चंपारण, सारण और गोपालगंज में तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है।
मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट के अनुसार सोमवार से बुधवार के बीच मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, सीतामढ़ी और वैशाली में कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ तेज हवा चलने की संभावना है। आसमान में बादलों की आवाजाही और छिटपुट बारिश के कारण तापमान में आंशिक गिरावट आने की उम्मीद जताई गई है।
हालांकि मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि उत्तर बिहार में व्यापक और अच्छी बारिश के लिए लोगों को अभी कुछ और दिनों तक इंतजार करना पड़ सकता है। फिलहाल उमस भरी गर्मी और बादलों की आंख-मिचौली का दौर जारी रहने की संभावना है।












