-महंत दर्शन दास महिला महाविद्यालय में एक दिवसीय सेमिनार आयोजित
-युवाओं की भूमिका पर हुई विस्तृत चर्चा
मुजफ्फरपुर।
महंत दर्शन दास महिला महाविद्यालय के दर्शनशास्त्र विभाग के तत्त्वावधान में मंगलवार 13 जनवरी को एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अलका जायसवाल ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सशक्त भारत के निर्माण के लिए युवाओं को सजग व जागरूक होना आवश्यक है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) निखिल रंजन प्रकाश ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के युवाओं को राष्ट्र और राष्ट्रीयता की भावना को गहराई से समझने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सक्रिय, एकाग्रचित्त और निरंतर प्रयासशील युवा ही अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं और मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं।

विशिष्ट वक्ता डॉ. राकेश रंजन ने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि जीवन की राह कोई भी हो, यदि उस पर एकाग्रता के साथ निरंतर आगे बढ़ा जाए तो लक्ष्य अवश्य प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि सभी धर्म हमें हमारे चरम लक्ष्य तक पहुंचाने का मार्ग दिखाते हैं, इसलिए सभी धर्म सम्माननीय और पूजनीय हैं।
इस अवसर पर दर्शनशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्षा प्रो. (डॉ.) किरण झा ने सभी अतिथियों और प्राचार्य महोदया का स्वागत स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट कर किया। विषय प्रवेश कराते हुए उन्होंने स्वामी विवेकानंद द्वारा युवाओं को दिए गए संदेशों पर विस्तार से चर्चा की और उनके विचारों को आज के परिप्रेक्ष्य में प्रासंगिक बताया।
कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. नेहा रानी ने सरल एवं प्रभावी ढंग से किया। उन्होंने युवाओं को धैर्य के साथ निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सुरबाला वर्मा द्वारा किया गया।
सेमिनार में महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक-शिक्षिकाओं की गरिमामय उपस्थिति रही। इनमें प्रो. सरोज, डॉ. आशा, डॉ. श्वेता यादव, डॉ. मैरी मरांडी, डॉ. सदफ, डॉ. शगुफ्ता नाज़, डॉ. प्रियम फ्रांसिस, डॉ. मधुसूदन, डॉ. सजीव, डॉ. रामदुलार सहित अन्य शिक्षक एवं शिक्षिकाएं शामिल रहीं।












