Advertisement

भारतीय क्रिकेटर आकाशदीप की शादी की तैयारियां जोरों पर, पैतृक गांव में धूमधाम से हुआ तिलक समारोह

-भारतीय क्रिकेटर आकाशदीप की शादी की तैयारियां जोरों पर, पैतृक गांव में धूमधाम से हुआ तिलक समारोह

रोहतास। भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज और रोहतास की शान Akash Deep अब जीवन की नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। क्रिकेट के मैदान पर अपनी तेज रफ्तार गेंदबाजी से पहचान बनाने वाले आकाशदीप के घर इन दिनों शादी की खुशियां चरम पर हैं। रविवार रात उनके पैतृक गांव बड्डी में भव्य तिलक समारोह का आयोजन किया गया, जहां उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार, डेहरी-ऑन-सोन के मानिकपुर से वधू पक्ष के लोग पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ तिलक लेकर शिवसागर प्रखंड स्थित बड्डी गांव पहुंचे। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के बीच आकाशदीप को तिलक चढ़ाया गया। इस मौके पर पूरे गांव को दुल्हन की तरह सजाया गया था। रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक सजावट और बॉलीवुड थीम पर तैयार किए गए आयोजन स्थल ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।


आकाशदीप 24 जून को वाराणसी में अक्षिता राज के साथ विवाह बंधन में बंधेंगे। विवाह से पहले चल रहे मांगलिक कार्यक्रमों के तहत 22 जून को मेहंदी और 23 जून को हल्दी की रस्म आयोजित की जाएगी। शादी से जुड़ी सभी पारंपरिक रस्में गांव में ही संपन्न हो रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
तिलक समारोह को लेकर पूरे इलाके में उत्सव का माहौल रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीण, खेल प्रेमी और शुभचिंतक अपने प्रिय क्रिकेटर की खुशी में शामिल होने पहुंचे। आयोजन में मेहमानों के लिए विशेष भोज की भी व्यवस्था की गई थी।
समारोह के दौरान आकाशदीप ने उपस्थित लोगों का मुस्कुराकर अभिवादन किया और शुभकामनाएं स्वीकार कीं। इस आयोजन में कई गणमान्य लोगों के शामिल होने की चर्चा रही। देर रात तक सासाराम के सांसद Manoj Ram प्रमुख अतिथि के रूप में समारोह में पहुंचे।
दिल्ली से बुलाए गए मेकअप आर्टिस्ट, आकर्षक सजावट और भव्य तैयारियों ने पूरे आयोजन को किसी सेलिब्रिटी वेडिंग जैसा स्वरूप दे दिया। रोहतास का यह क्रिकेट सितारा अब क्रिकेट के मैदान के साथ-साथ जीवन की नई पारी खेलने के लिए भी पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है।