-भवन निर्माण विभाग के नए मंत्री विजय कुमार चौधरी ने संभाला कार्यभार, विभागीय परियोजनाओं की समीक्षा कर दिए दिशा-निर्देश
पटना। ब्यूरो।
भवन निर्माण विभाग के नए माननीय मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी ने सोमवार को विभागीय कार्यभार संभालते हुए महत्वपूर्ण बैठक की। विभाग पहुंचने पर सचिव श्री कुमार रवि, पदाधिकारियों, अभियंताओं और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। इसके बाद मंत्री ने विभागीय अधिकारियों से उनके दायित्वों और चल रही योजनाओं की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
बैठक में मंत्री ने विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का निपटारा किया। सचिव कुमार रवि ने विभाग की संरचना, कार्यप्रणाली और वर्तमान परियोजनाओं की स्थिति से अवगत कराया। विभाग द्वारा चल रही योजनाओं का प्रस्तुतीकरण पीपीटी के माध्यम से किया गया, जिसमें राज्य की कई आइकॉनिक बिल्डिंग परियोजनाओं सहित विभिन्न विकासात्मक योजनाएं शामिल थीं।

सचिव ने बताया कि हाल के वर्षों में विभाग ने बापू टॉवर, राजगीर खेल परिसर, बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय एवं स्मृति स्तूप जैसे कई महत्वपूर्ण भवनों का सफल निर्माण किया है। साथ ही पंचायत सरकार भवन, आवासीय विद्यालय, प्रखंड कार्यालय सहित अन्य परियोजनाओं की प्रगति से भी मंत्री को अवगत कराया गया।
माननीय मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि सभी योजनाओं को समय पर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करना उनकी प्राथमिकता होगी। निर्माण कार्यों को तेजी और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा तथा विभिन्न स्तरों पर नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि परियोजनाओं को समय पर पूरा किया जा सके। उन्होंने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
बैठक में विभाग के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी, अभियंता एवं कर्मचारी मौजूद रहे।











