-बेनीबाद में स्थानीय मछुआ समाज को दिया जाए गोताखोरी प्रशिक्षण : अंकित झा
-बागमती हादसे के बाद एनडीआरएफ टीम की स्थायी तैनाती की उठाई मांग
मुजफ्फरपुर/गायघाट। दीपक कुमार। प्रखंड के केवटसा पंचायत अंतर्गत हरखौली गांव में बागमती नदी में डूबने से दो बालकों की मौत के बाद स्थानीय स्तर पर बचाव व्यवस्था को मजबूत करने की मांग तेज हो गई है। इसको लेकर शिवदाहा पंचायत के महेश्वरा निवासी एवं जिला परिषद प्रत्याशी अंकित कुमार झा ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर कई महत्वपूर्ण मांगें उठाईं।
मीडिया को संबोधित करते हुए अंकित कुमार झा ने कहा कि बेनीबाद क्षेत्र में स्थानीय मछुआ समाज के लोगों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए, ताकि नदी में होने वाली दुर्घटनाओं के दौरान वे तुरंत राहत एवं बचाव कार्य कर सकें। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ की टीम को स्थानीय स्तर पर विभाजित कर गोताखोरों एवं मछुआ समुदाय के लोगों को प्रशिक्षित किया जाए, जिससे भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना के दौरान समय रहते लोगों की जान बचाई जा सके।

उन्होंने सरकार से बेनीबाद क्षेत्र में एनडीआरएफ की एक टीम की स्थायी तैनाती करने की भी मांग की। अंकित झा ने कहा कि बागमती नदी से जुड़े क्षेत्रों में हर वर्ष हादसे होते रहते हैं, लेकिन अब तक स्थायी सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है।
उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर वे जल्द ही केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी निषाद से मिलकर आवेदन सौंपेंगे।
अंकित कुमार झा ने कहा कि करीब तीन वर्ष पहले मधुरपट्टी में भी बड़ा हादसा हुआ था, जिसमें डूबने से दर्जनों लोगों की मौत हो गई थी। इसके बावजूद प्रशासनिक स्तर पर ठोस पहल नहीं की गई, जिसके कारण ऐसी घटनाएं लगातार दोहराई जा रही हैं।












