Advertisement

बेनीबाद में झुका बिजली का पोल बना खतरा, ग्रामीणों ने जताई बड़े हादसे की आशंका

-बेनीबाद में झुका बिजली का पोल बना खतरा, ग्रामीणों ने जताई बड़े हादसे की आशंका

गायघाट (मुजफ्फरपुर), दीपक कुमार। बेनीबाद थाना क्षेत्र में झुके और जर्जर बिजली के पोल स्थानीय लोगों के लिए गंभीर खतरा बन गए हैं। बरसात के कारण पोलों की नींव कमजोर हो गई है, जिससे उनके कभी भी गिरने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत या बदलाव नहीं किया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बेनीबाद क्षेत्र में कई बिजली के पोल क्षतिग्रस्त और झुकी हुई स्थिति में हैं। वहीं, कुछ स्थानों पर बिजली के तार भी जोखिम भरी हालत में लटके हुए हैं। बरसात के मौसम में यह स्थिति लोगों की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बन गई है।


ग्रामीणों ने बताया कि इस गंभीर समस्या की जानकारी “अपना बेनीबाद टीम” की ओर से संबंधित अधिकारियों एवं गायघाट के जूनियर इलेक्ट्रिकल इंजीनियर (JEE) को दी गई थी। अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन भी दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होने से किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने बिजली विभाग से जर्जर और झुके हुए पोलों का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत या प्रतिस्थापन कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से अपील की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए बरसात के मौसम में ऐसे सभी जोखिम वाले बिजली पोलों की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।