-बिहार: विवश, बेबस, लाचार और मजबूर… सीएम नीतीश को लेकर यह बोल गए तेजस्वी यादव
दीपक कुमार तिवारी।पटना।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में नीतीश कुमार पुल का काम पूरा कराने के लिए ठेकेदार के पैर छूने की बात करते नजर आ रहे हैं। यह वाकया उस दौरान का है जब सीएम नीतीश कुमार बिहार की राजधानी पटना के जेपी गंगा पथ के गायघाट से कंगनघाट के हिस्से का लोकार्पण करने गए थे। इस दौरान नीतीश कुमार के साथ बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा भी मौके पर मौजूद थे। वीडियो सामने आने के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार पर तंज कसा है।
तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार का X पर वीडियो पोस्ट कर लिखा है कि पूरे विश्व में इतना असहाय, अशक्त, अमान्य, अक्षम, विवश, बेबस, लाचार और मजबूर कोई ही मुख्यमंत्री होगा जो बीडीओ, एसडीओ, थानेदार से लेकर वरीय अधिकारियों और यहां तक कि संवेदक के निजी कर्मचारी के सामने बात-बात पर हाथ जोड़ने और पैर पड़ने की बात करता हो?
तेजस्वी ने आगे लिखा कि बिहार में बढ़ते अपराध, बेलगाम भ्रष्टाचार, पलायन और प्रशासनिक अराजकता का मुख्य कारण यह है कि एक कर्मचारी तक (अधिकारी तो छोड़िए) मुख्यमंत्री की नहीं सुनता? क्यों नहीं सुनता और क्यों नहीं आदेशों का पालन करता, यह विचारनीय विषय है? हालांकि इसमें कर्मचारी और अधिकारियों का अधिक दोष भी नहीं है।

एक कमजोर बेबस मुख्यमंत्री के कारण “बिहार में होना वही है जो ‘चंद’ सेवारत और ‘सेवानिवृत्त’ अधिकारियों ने ठाना है” क्योंकि अधिकारी भी जानते हैं कि ये 43 सीट वाली तीसरे नंबर की पार्टी के मुख्यमंत्री है। जब शासन में इकबाल खत्म हो जाए हो और शासक में आत्मविश्वास ना रहे तब उसे सिद्धांत, जमीर और विचार किनारे रख ऊपर से लेकर नीचे तक बात-बात पर ऐसे ही पैर पड़ना पड़ता है। बहरहाल हमें कुर्सी की नहीं बल्कि बिहार और 14 करोड़ बिहारवासियों के वर्तमान और भविष्य की चिंता है।












