Advertisement

बिहार में मौसम का हाई अलर्ट: अगले 72 घंटे बेहद संवेदनशील, तेज आंधी-वज्रपात की चेतावनी

-बिहार में मौसम का हाई अलर्ट: अगले 72 घंटे बेहद संवेदनशील, तेज आंधी-वज्रपात की चेतावनी

पटना। बिहार में मौसम ने एक बार फिर डरावना रुख अख्तियार कर लिया है। भारतीय मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए हाई अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि अगले 72 घंटे बेहद संवेदनशील साबित हो सकते हैं। विभाग के अनुसार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है, जबकि वज्रपात और आकाशीय बिजली से भारी नुकसान होने की आशंका है। लोगों को बेवजह घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने गया, जहानाबाद, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, बक्सर, सिवान, भोजपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, कटिहार, खगड़िया, बेगूसराय और लखीसराय समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्री-मानसून गतिविधियां तेजी से सक्रिय हो चुकी हैं, जिसके कारण मौसम लगातार करवट बदल रहा है।

राजधानी पटना में शुक्रवार को मौसम का रौद्र रूप देखने को मिला। तेज आंधी और मूसलाधार बारिश से शहर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। कई इलाकों में बड़े-बड़े पेड़ जड़ से उखड़कर सड़कों पर गिर पड़े, जिससे यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई। लोक भवन और मुख्य सचिवालय के बीच भी कई विशाल पेड़ धराशायी हो गए। तेज हवाओं के कारण पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर बिखर गईं, जिससे राहगीरों में दहशत फैल गई।

बारिश के बाद राजधानी के कई इलाकों में जलजमाव और बिजली आपूर्ति बाधित होने की खबरें सामने आई हैं। प्रशासन लगातार लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील कर रहा है। खासतौर पर किसानों, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी मौसम का मिजाज अचानक बदल सकता है। ऐसे में प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं।