Advertisement

बिहार में महिलाओं को आर्थिक मजबूती देने की बड़ी पहल

-बिहार में महिलाओं को आर्थिक मजबूती देने की बड़ी पहल

-कल 10 लाख महिलाओं के खाते में भेजे जाएंगे 10-10 हजार रुपये

-चुनावी वादे को पूरा करने में जुटी सरकार

पटना।ब्यूरो।

बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत में महिलाओं की बड़ी भूमिका मानी जा रही थी। इसी कड़ी में राज्य सरकार महिला सशक्तीकरण को मजबूती देने के लिए मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत एक और किस्त जारी करने जा रही है। जानकारी के अनुसार 28 नवंबर को राज्य सरकार 10 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भेजेगी। इसमें करीब साढ़े 9 लाख महिलाएं ग्रामीण क्षेत्रों से हैं, जबकि 50 हजार महिलाएं शहरी क्षेत्रों की हैं। सभी लाभार्थी महिलाएं जीविका समूहों से जुड़ी हुई हैं।

नीतीश सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से यह योजना शुरू की थी। योजना के तहत महिलाओं को छोटे रोजगार की शुरुआत करने के लिए 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। सरकार का दावा है कि यदि महिलाओं का रोजगार बेहतर तरीके से चलता है तो उन्हें आगे 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी प्रदान की जाएगी।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक 1.40 करोड़ महिलाओं के खाते में यह राशि भेजी जा चुकी है। कल जारी होने वाली किस्त के साथ यह संख्या और बढ़ जाएगी। शहरी क्षेत्र की महिलाओं को इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होता है, जबकि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं ऑफलाइन आवेदन जीविका कार्यालय में जमा करती हैं। हाल ही में जीविका समूह से जुड़ी महिलाओं के खातों में भी यह सहायता राशि भेजी जाएगी।

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत अब तक 13 लाख महिलाओं ने ऑनलाइन आवेदन किया है। इन आवेदनों की जांच चल रही है। जांच में संतोषजनक पाए जाने पर इन महिलाओं को भी 10-10 हजार रुपये की मदद दी जाएगी।

चर्चा यह भी है कि आगामी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव में महिला मतदाताओं की बड़ी भागीदारी के लिए उनका आभार प्रकट कर सकते हैं। इस योजना को महिलाओं तक सीधे आर्थिक लाभ पहुंचाने और उन्हें रोजगार से जोड़ने की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।