-बिहार में झमाझम बारिश से मौसम सुहाना, कई जिलों में भारी से अति भारी वर्षा; अगले तीन दिन राहत के आसार
पटना। बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार किशनगंज और पटना जिले के एक-दो स्थानों पर अति भारी वर्षा हुई, जबकि अररिया, वैशाली, लखीसराय, पूर्णिया, गया, बेगूसराय, नालंदा, औरंगाबाद तथा सारण समेत कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। राज्य के अधिकांश अन्य क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई।
मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में दर्ज किया गया। राज्य का अधिकतम तापमान 29.3 से 35.8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। कई स्थानों पर अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई।

वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस अररिया के फॉरबिसगंज में रिकॉर्ड किया गया। राज्य का न्यूनतम तापमान 25.0 से 29.2 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा और इसमें कोई विशेष बदलाव नहीं देखा गया।
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो तैबपुर में 141.8 मिमी, होसवारी में 117.4 मिमी, कुर्साकांटा में 114.6 मिमी, मोकामा में 112.6 मिमी, बिदुपुर में 106.4 मिमी तथा सूर्यगढ़ा में 96.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा ढेंगराघाट, गलगलिया, शेरघाटी, फॉरबिसगंज, अररिया, जोकीहाट, हरनौत और लालगंज सहित कई इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले तीन दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, जिससे मौसम अपेक्षाकृत सुहाना बना रहेगा। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी की संभावना है। वहीं, अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में भी कोई खास परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने तथा भारी बारिश वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने की अपील की है।











