-बिहार में एनडीए सरकार गठन की तैयारियां तेज, 20 नवंबर को शपथ
पटना।ब्यूरो।
बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की ऐतिहासिक जीत के बाद नई सरकार के गठन की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर राजधानी पटना में गतिविधियां तेज हो गई हैं। एनडीए घटक दलों के बीच मंत्री पदों के बंटवारे को लेकर मंथन जारी है और अधिकांश बिंदुओं पर सहमति बनने की बात सामने आ रही है।
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा कोटे से 15–16 मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। वहीं जदयू से मुख्यमंत्री के साथ करीब 14 मंत्री शपथ ले सकते हैं। लोजपा (रामविलास) अध्यक्ष चिराग पासवान के हिस्से में तीन मंत्री पद दिए जाने की चर्चा है। इसके अलावा जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टियों से एक–एक मंत्री शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
इधर नई सरकार के गठन को लेकर भाजपा ने भी अपनी अंदरूनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने दिलीप जायसवाल और सम्राट चौधरी को अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं। दोनों नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा भी कर चुके हैं।

एनडीए नेतृत्व की कोशिश है कि सभी सहयोगी दलों को उचित प्रतिनिधित्व मिले, ताकि सरकार गठन के साथ ही गठबंधन की एकजुटता और स्थिरता का संदेश जनता तक पहुंचे। सूत्र बताते हैं कि भविष्य में एनडीए में शामिल दलों को राज्यसभा में भी प्रतिनिधित्व दिया जा सकता है।
शपथ ग्रहण समारोह की तारीख को लेकर भी मंथन जारी है। 20 नवंबर को यह कार्यक्रम होने की संभावना जताई जा रही है। इसी बीच पटना प्रशासन ने रविवार को एडवाइजरी जारी करते हुए गांधी मैदान को 17 से 20 नवंबर तक आम लोगों के लिए बंद कर दिया है। यहीं शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां चल रही हैं। मैदान के चारों ओर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और 17 नवंबर से तैयारियों में और तेजी लाई जाएगी।
नई सरकार के शपथ ग्रहण को लेकर आम लोगों में उत्सुकता बनी हुई है और अब आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।












