-बिहार में एनडीए सरकार के सीएम सम्राट चौधरी को बनाए जाने पर मोतिहारी में मना जश्न, बांटीं मिठाइयां
-आतिशबाजी के साथ भारत माता एवं सम्राट चौधरी के लगाए जयकारे
– कहा कि नई सरकार जनता की उम्मीदों पर उतरेगी खरी
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
बिहार में एनडीए सरकार के सूबे का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बनाए जाने के बाद पूरे प्रदेश में जहां जश्न का माहौल है, वहीं हाल मोतिहारी में भाजपा एवं एनडीए के नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह के साथ दिखा। इस क्रम में शहर के गांधी कॉम्प्लेक्स स्थित भाजपा कार्यालय में भी कार्यकर्ताओं ने खुशी का इजहार किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एकत्रित हुए। उन्होंने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी प्रसन्नता जाहिर की। मौके पर जमकर आतिशबाजी की गई और पूरा परिसर “भारत माता की जय” व “सम्राट चौधरी जिंदाबाद” के नारों से घंटों गूंजता रहा।
इस उत्सवी जश्न के आयोजन का नेतृत्व भाजपा जिला अध्यक्ष पवन राज ने किया। उनके नेतृत्व में पार्टी के कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी भाजपा कार्यालय में पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष पवन राज ने कहा कि यह भाजपा और एनडीए के लिए गर्व का क्षण है।

उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी नेतृत्व ने एक सक्षम और जुझारू नेता पर भरोसा किया है, जिससे बिहार में सुशासन और विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि नई सरकार आम जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेगी।
इस अवसर पर नगर विधायक प्रमोद कुमार ने भी अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि बिहार में पहली बार भाजपा के नेता को मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिला है, जो पार्टी के लिए ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य में विकास कार्यों को और मजबूती मिलेगी तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभअंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा।कार्यक्रम में महिला मोर्चा की अध्यक्ष नीता शर्मा, जिला उपाध्यक्ष मीना मिश्रा सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने नई सरकार के सफल कार्यकाल की कामना की।












