Advertisement

बिहार एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: बैरिया बस स्टैंड से महिला समेत दो हेरोइन तस्कर गिरफ्तार, दो करोड़ की खेप जब्त

-बिहार एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: बैरिया बस स्टैंड से महिला समेत दो हेरोइन तस्कर गिरफ्तार, दो करोड़ की खेप जब्त

मुजफ्फरपुर। बिहार एसटीएफ और अहियापुर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में शहर के बैरिया बस स्टैंड से महिला समेत दो बड़े मादक तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करों के पास से एक किलो हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार तस्कर इस खेप को उत्तर प्रदेश ले जाने की तैयारी में थे।

मणिपुर से लाई गई थी हेरोइन, मोतिहारी के रास्ते यूपी भेजा जाना था
जांच में पता चला कि हेरोइन की यह खेप मणिपुर से मोतिहारी लाई गई थी और वहां से मुजफ्फरपुर होते हुए उत्तर प्रदेश भेजी जानी थी। एसटीएफ को इसकी गुप्त सूचना पहले ही मिल चुकी थी। इसी आधार पर सोमवार को बैरिया बस स्टैंड पर घात लगाकर स्थानीय पुलिस की मदद से दोनों तस्करों को दबोच लिया गया।

गिरफ्तार तस्करों की पहचान
पकड़े गए तस्करों की पहचान इस प्रकार है—

राजेश्वर पंडित, निवासी दीपही धरहरवा, थाना चिरैया, मोतिहारी

पूनम देवी, निवासी भवानीपुर, थाना नकारदेई, मोतिहारी


पूनम देवी पहले भी नकारदेई थाना क्षेत्र से मादक पदार्थ मामले में जेल जा चुकी है। जेल से छूटने के बाद वह फिर से इस धंधे में सक्रिय हो गई थी।

मोतिहारी जेल में बंद सरगना करता था पूरा नेटवर्क संचालित:

एसटीएफ ने खुलासा किया है कि इस तस्करी गिरोह का संचालन मोतिहारी जेल में बंद कुख्यात मादक तस्कर हरिनाथ राय कर रहा था। मणिपुर से हेरोइन मंगाने से लेकर इसे यूपी भेजने तक का पूरा इंतजाम उसी ने किया था। इस मामले में कुल छह तस्करों को नामजद किया गया है— जिनमें एक मणिपुर, एक उत्तर प्रदेश और चार बिहार के तस्कर शामिल हैं।

मोबाइल फोन की जांच जारी:

गिरफ्तार दोनों तस्करों के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इन मोबाइलों की कॉल डिटेल्स और संपर्क सूची की जांच जारी है, जिससे तस्करी नेटवर्क के और सूत्रों का पता लगाया जा सके।

अहियापुर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।