Advertisement

बिजली विभाग के अकाउंटेंट से बने डीएसपी, संजय पासवान ने 70वीं बीपीएससी में हासिल की बड़ी सफलता

-बिजली विभाग के अकाउंटेंट से बने डीएसपी, संजय पासवान ने 70वीं बीपीएससी में हासिल की बड़ी सफलता

मुजफ्फरपुर/बंदरा, दीपक। मुजफ्फरपुर जिले के बंदरा प्रखंड अंतर्गत रामपुरदयाल गांव निवासी संजय पासवान ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में शानदार सफलता प्राप्त कर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
संजय पासवान वर्तमान में बिजली विभाग में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत थे। नौकरी की जिम्मेदारियों के साथ-साथ उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखी और अपनी मेहनत, लगन तथा दृढ़ संकल्प के बल पर डीएसपी बनने का सपना साकार कर दिखाया।


साधारण परिवार से आने वाले संजय ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं किया। उनकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि इरादे मजबूत हों तो सीमित संसाधन भी मंजिल पाने में बाधा नहीं बनते।
जैसे ही उनके चयन की सूचना गांव पहुंची, पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों, परिजनों और शुभचिंतकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। लोगों ने इसे गांव और प्रखंड के लिए गौरव का क्षण बताया।
संजय पासवान की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। उनकी संघर्ष और सफलता की कहानी यह संदेश देती है कि निरंतर परिश्रम, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी ऊंचाई को हासिल किया जा सकता है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि संजय एक कुशल और ईमानदार पुलिस अधिकारी के रूप में समाज की सेवा करेंगे तथा युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।