-बागमती नदी में डूबे आठ वर्षीय बालक का शव बरामद, तांत्रिक के पास ले जाने की जिद पर अड़े रहे परिजन
मुजफ्फरपुर/बेनीबाद। संवाददाता।
बेनीबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत शिव मंदिर के पास बह रही बागमती नदी में डूबे आठ वर्षीय बालक अभिमन्यु कुमार का शव सोमवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान कृष्णा शर्मा के पुत्र एवं तीसरी कक्षा के छात्र अभिमन्यु कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
परिजनों के अनुसार, अभिमन्यु सोमवार की सुबह करीब 10 बजे अन्य बच्चों के साथ शिव मंदिर के समीप घाट पर नहाने गया था। नहाते वक्त वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू की, जिसके बाद दोपहर को उसका शव नदी से निकाला गया।

थानाध्यक्ष साकेत कुमार शार्दूल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया, जहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हालांकि, शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जा रही गाड़ी को मृतक के परिजनों ने मैठी टॉल प्लाजा के समीप रोक लिया और उसे एक तांत्रिक के पास ले जाने की जिद पर अड़ गए। परिजनों का दावा था कि तांत्रिक अभिमन्यु को जीवित कर सकता है। इस अंधविश्वास के चलते काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस और बुद्धिजीवियों के समझाने पर परिजन शांत हुए और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।
यह दुखद घटना न सिर्फ एक मासूम की जान जाने की पीड़ा देती है, बल्कि समाज में फैले अंधविश्वास पर भी गंभीर प्रश्न खड़े करती है।
#बेनीबाद_दुर्घटना
#बालक_की_मौत
#बागमती_नदी_डूबा
#मुजफ्फरपुर_समाचार
#अंधविश्वास_की_शिकार
#पोस्टमार्टम_के_बजाय_तांत्रिक
#SKMCH
#ChildDrowning
#StopSuperstition
#BiharNews












