-सोनपुर मंडल के 7 स्टेशनों और 8 रेलवे कॉलोनियों में चला स्वच्छता अभियान
सोनपुर, 19 सितंबर। स्वच्छता ही सेवा–2026 अभियान के तहत सोनपुर मंडल में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को व्यापक अभियान चलाया गया। मंडल के सात प्रमुख स्टेशनों और आठ रेलवे कॉलोनियों में यात्रियों, रेलकर्मियों और आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के तहत सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी और नवगछिया रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों एवं रेलकर्मियों को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और प्लास्टिक मुक्त परिसर के महत्व की जानकारी दी गई। इस दौरान लोगों से रेलवे परिसर को साफ रखने और कचरा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की गई।

वहीं सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, गढ़हारा, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी और नवगछिया रेलवे कॉलोनियों में स्वच्छता रैलियां, जनसंपर्क अभियान और सफाई गतिविधियां आयोजित की गईं। अभियान के दौरान मंडल में कचरा जमा होने वाले स्थानों को भी चिन्हित किया गया। इन स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर कचरे का निष्पादन कराया गया।
रेलवे की ओर से स्थानीय नागरिकों और रेलकर्मियों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। सोनपुर मंडल ने यात्रियों, रेलकर्मियों और आम लोगों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।












