-बेला औद्योगिक क्षेत्र में नाइट गार्ड की हत्या और डकैती का खुलासा, दो गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर। बेला इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित खाद और सीमेंट गोदाम में नाइट गार्ड शिव नारायण भगत (68) की हत्या और डकैती मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। खाद की बोरियां लूटने का विरोध करने पर अपराधियों ने बुजुर्ग गार्ड की गला दबाकर हत्या कर दी थी। मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि छह अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने प्रेसवार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान फकुली थाना क्षेत्र के अर्जुन कुमार और कुढ़नी थाना क्षेत्र के दीपक कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद एसआईटी का गठन कर तकनीकी साक्ष्य के आधार पर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर पूर्वी चंपारण जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र में एक ईंट-भट्ठे के पास छापेमारी की। यहां से डकैती के दौरान लूटी गई खाद की 338 बोरियां बरामद की गईं। जब्ती की कार्रवाई दंडाधिकारी की मौजूदगी में की गई। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए ट्रक को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात में कुल आठ अपराधी शामिल थे। सभी ने योजनाबद्ध तरीके से गोदाम में धावा बोला और खाद की बोरियां लूटने लगे। नाइट गार्ड शिव नारायण भगत ने इसका विरोध किया तो अपराधियों ने कथित तौर पर उनका गला दबा दिया। हत्या के बाद शव को झाड़ी में फेंक दिया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित दीपक कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह सदर थाना क्षेत्र में वर्ष 2023 के डकैती कांड और आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका है।
एसएसपी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं थी और अच्छी गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे थे। इसका फायदा अपराधियों को मिला, जिससे मामले के उद्भेदन में कुछ समय लगा। उन्होंने कहा कि गोदाम की सुरक्षा में तैनात गार्डों के अप्रशिक्षित और बुजुर्ग होने से भी सुरक्षा व्यवस्था में कमी सामने आई है। गोदाम संचालकों से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और बेहतर गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा गया है।
एसएसपी ने बताया कि जांच के दौरान कई निजी मकानों को बिना अनुमति व्यावसायिक गोदाम के रूप में इस्तेमाल किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। ऐसे अवैध गोदामों के खिलाफ कार्रवाई के लिए नगर निगम को पत्र लिखा जा रहा है।
पुलिस फरार छह अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। एसएसपी ने बताया कि मामले में स्पीडी ट्रायल के माध्यम से आरोपितों को सजा दिलाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।












