-बांग्लादेश में हिंदू युवक की कथित हत्या के विरोध में जनकपुरधाम में प्रदर्शन, प्रतीकात्मक पुतला दहन
जनकपुरधाम।मधुकर।
बांग्लादेश के मैमनसिंह जिले में एक हिंदू युवक की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या किए जाने की घटना के विरोध में जनकपुरधाम में युवाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश सरकार का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यक असुरक्षित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद वहां की सरकार अपराधियों पर पर्याप्त सख्त कार्रवाई नहीं कर रही है। युवाओं ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने नेपाल में मुस्लिम कमीशन को समाप्त करने की मांग भी रखी।

प्रदर्शनकारियों के अनुसार, पिछले गुरुवार की रात बांग्लादेश के मैमनसिंह जिले के भालुका उपजिला में पैगंबर मुहम्मद के अपमान का झूठा आरोप लगाकर 25 वर्षीय हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की भीड़ द्वारा हत्या कर दी गई। आरोप है कि युवक को बेरहमी से पीटा गया और बाद में उसकी लाश को पेड़ से बांधकर जला दिया गया। मृतक दीपू चंद्र दास एक गारमेंट फैक्ट्री में कार्यरत था।
बताया जा रहा है कि यह घटना बांग्लादेश में स्टूडेंट लीडर उस्मान हादी की मौत के बाद चल रहे हिंसक विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई। बांग्लादेशी पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और आगे की जांच जारी है।
जनकपुरधाम में हुए इस विरोध प्रदर्शन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन सतर्क रहा।














