फर्जी आईपीएस जमुई में नकली पिस्टल और वर्दी के साथ धोखाधड़ी करते पकड़ाया
-गौर से पहचान लीजिए फर्जी आईपीएस को
संवाददाता। जमुई।
बिहार के जमुई जिले में एक 18 साल के लड़के को नकली आईपीएस अफसर बनकर लोगों को ठगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। लड़के का नाम मिथिलेश कुमार बताया जा रहा है और वह लखीसराय जिले के हलसी थाना क्षेत्र के गोवर्धनबीघा का रहने वाला है।
सिकंदरा थाना पुलिस ने उसे सिकंदरा शहर के बंधन बैंक के पास से उस वक़्त पकड़ा जब वह आईपीएस की वर्दी पहनकर घूम रहा था।
मिथिलेश के पास से पुलिस ने एक नकली पिस्टल और पल्सर RS 200 बाइक भी बरामद की है। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वह खैरा निवासी मनोज सिंह नाम के व्यक्ति को नौकरी दिलाने के नाम पर 2 लाख रुपये ऐंठने वाला था। मिथिलेश ने यह भी बताया कि उसे यह वर्दी और नकली पिस्टल उसी दिन किसी ने दी थी।
थाना प्रभारी मिंटू कुमार सिंह ने बताया कि पहली नज़र में यह मामला ठगी का लग रहा है। ऐसा लगता है कि मिथिलेश पूरी तरह से नकली आईपीएस अफसर बनकर लोगों को ठगने का काम कर रहा था। फिलहाल पुलिस लड़के से पूछताछ कर रही है और मामले की गहराई से जाँच कर रही है।

पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस मामले में और भी खुलासे होंगे। यह घटना इस बात का जीता जागता सबूत है कि कैसे कुछ लोग वर्दी की आड़ में अपराध को अंजाम देते हैं। लोगों से अपील है कि वे ऐसे लोगों से सावधान रहें और कोई भी शक होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।












