-प्रेमिका की शादी तय होते ही BSNL टॉवर पर चढ़ा युवक, घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा
वैशाली। बिहार के वैशाली जिले में प्रेम प्रसंग का एक हाईवोल्टेज मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। वैशाली के लालगंज थाना क्षेत्र में एक युवक अपनी प्रेमिका से शादी की जिद को लेकर BSNL टॉवर पर चढ़ गया, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार मामला जैतीपुर गांव और बिजली कार्यालय परिसर का है। गांव निवासी दिनेश राम का 28 वर्षीय पुत्र अरविंद कुमार अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता था। बताया जा रहा है कि युवती के परिवार द्वारा शादी से इंकार किए जाने और दूसरी जगह रिश्ता तय होने के बाद युवक तनाव में था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक युवक अचानक BSNL टॉवर पर चढ़ गया। टॉवर पर युवक को देख आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। कुछ लोग वीडियो बनाने लगे तो कुछ लोग युवक को नीचे उतरने की सलाह देते नजर आए।

सूचना मिलने पर लालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने घंटों तक युवक को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत और भरोसा दिलाने के बाद युवक आखिरकार टॉवर से नीचे उतर आया।
पुलिस युवक को हिरासत में लेकर थाने पहुंची, जहां पूछताछ में उसने बताया कि वह पिछले एक महीने से प्रेमिका से शादी करने की जिद पर अड़ा था। उसने यह भी कहा कि तनाव के कारण उसने खाना-पीना तक छोड़ दिया था, जिससे उसकी तबीयत भी खराब हो गई थी।
फिलहाल पुलिस ने युवक को समझाकर मामला शांत करा दिया है। वहीं गांव में इस घटना की चर्चा चाय दुकानों से लेकर चौपाल तक हो रही है। सोशल मीडिया पर भी “टॉवर प्रेम कथा” लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।












