-प्रधानमंत्री मोदी ने दाहोद में 24,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का किया शिलान्यास व लोकार्पण
-जनजातीय विकास, ‘मेक इन इंडिया’ और राष्ट्रीय सुरक्षा पर दिया जोर
दीपक कुमार तिवारी। दाहोद।
गुजरात के दाहोद में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को 24,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि 26 मई उनके लिए विशेष दिन है, क्योंकि इसी दिन उन्होंने 2014 में पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। उन्होंने गुजरात के लोगों के समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया और देश की प्रगति को समर्पित अपनी यात्रा की झलक प्रस्तुत की।
प्रधानमंत्री ने कहा, “140 करोड़ भारतीय एक विकसित भारत के निर्माण में एकजुट हैं।” उन्होंने आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को दोहराते हुए बताया कि भारत अब स्मार्टफोन से लेकर रक्षा उपकरणों तक का निर्माण और निर्यात कर रहा है। इस प्रगति का प्रत्यक्ष उदाहरण दाहोद की इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव फैक्ट्री है, जहां 9,000 हॉर्सपावर के शक्तिशाली इंजनों का निर्माण शुरू हो गया है। उन्होंने इस फैक्ट्री से पहले इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव को हरी झंडी दिखाई।
श्री मोदी ने गुजरात के 100 प्रतिशत रेलवे विद्युतीकरण की उपलब्धि को रेखांकित करते हुए कहा कि इससे राज्य की आर्थिक और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने वेरावल-अहमदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेस और वलसाड-दाहोद एक्सप्रेस ट्रेन का भी उद्घाटन किया।

प्रधानमंत्री ने जनजातीय समाज के सशक्तिकरण पर बल देते हुए कहा कि पिछले 11 वर्षों में जनजातीय क्षेत्रों में अभूतपूर्व काम हुआ है। दाहोद जैसे क्षेत्रों में एकलव्य मॉडल स्कूल, आईटीआई, मेडिकल कॉलेज और जनजातीय विश्वविद्यालयों की स्थापना से शिक्षा और रोजगार के अवसरों में वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि ‘धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान’ और ‘पीएम जनमन योजना’ जैसे कार्यक्रम जनजातीय जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए चलाए जा रहे हैं।
श्री मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भारत की सामूहिक भावनाओं और मूल्यों की अभिव्यक्ति है। आतंकवाद के खिलाफ यह कठोर सैन्य कार्रवाई भारत की सुरक्षा प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा, “भारत तभी विकसित बनेगा जब उसकी सेना और अर्थव्यवस्था दोनों सशक्त हों।”
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल और केंद्रीय मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री ने आशा जताई कि दाहोद की मेहनतकश जनता इन नवविकसित सुविधाओं का भरपूर लाभ उठाकर जिले को देश के अग्रणी जिलों में स्थान दिलाएगी।














