-प्रधानमंत्री जननी सुरक्षा योजना के तहत गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजापाकर परिसर में प्रधानमंत्री जननी सुरक्षा योजना के तहत गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई।
इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एसपी उपाध्याय ने बताया कि शिविर में कुल 75 गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की गई। जांच के दौरान महिलाओं को बी-कॉम्प्लेक्स, कैल्शियम, आयरन सहित विभिन्न आवश्यक विटामिन की दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं की हीमोग्लोबिन, एचआईवी, वजन समेत अन्य जरूरी चिकित्सीय जांच भी की गई। शिविर में एएनएम शोभा कुमारी, गुंजन कुमारी, किरण कुमारी, रेणु कुमारी एवं शांति कुमारी ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

वहीं डॉ. अनिरुद्ध यादव एवं डॉ. मनीष ने गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। चिकित्सकों ने सलाह दी कि गर्भावस्था के दौरान भारी वजन न उठाएं, खानपान का विशेष ध्यान रखें तथा पौष्टिक भोजन जैसे हरी साग-सब्जियां, फल, दूध, अंडा आदि का नियमित सेवन करें।
चिकित्सकों ने यह भी कहा कि प्रसव अपने नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में ही कराएं। सरकारी अस्पतालों में प्रशिक्षित डॉक्टरों एवं नर्सों की देखरेख में सुरक्षित डिलीवरी कराई जाती है। निजी चिकित्सकों से अनावश्यक परामर्श लेने से बचने की सलाह भी दी गई।
शिविर में विभिन्न पंचायतों से आशा कार्यकर्ताओं द्वारा गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य जांच के लिए लाया गया, जिससे अधिक से अधिक महिलाओं को योजना का लाभ मिल सके।












