-प्रतिभा को मिला सम्मान, मेधावी छात्र अभिनंदन समारोह में 50 छात्र-छात्राएं सम्मानित
भागलपुर। सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, भागलपुर में शुक्रवार को मेधावी छात्र अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रसिद्ध समाजसेवी लक्ष्मी नारायण डोकनिया, प्रोफेसर दिलीप कुमार अग्रवाल, पूर्व कुलपति डॉ. पवन कुमार पोद्दार, अशोक भिवानी वाला, सचिव डॉ. चंद्रभूषण सिंह, उपाध्यक्ष डॉ. मधुसूदन झा एवं प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
जानकारी के अनुसार, राकेश सलारपुरिया स्मृति में प्रत्येक वर्ष मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने की परंपरा निभाई जाती है। समारोह को संबोधित करते हुए लक्ष्मी नारायण डोकनिया ने कहा कि प्रतिभा का सम्मान होना आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम छात्रों को आगे बढ़ने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।
डॉ. मधुसूदन झा ने कहा कि मेधावी छात्रों को सम्मानित होते देख अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत और लगन से आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। प्रोफेसर दिलीप कुमार अग्रवाल ने सफलता के लिए सद्बुद्धि, कठिन परिश्रम और सकारात्मक सोच को आवश्यक बताया।
पूर्व कुलपति डॉ. पवन कुमार पोद्दार ने छात्रों को लक्ष्य के प्रति समर्पण और जुनून बनाए रखने की सलाह दी। वहीं सचिव डॉ. चंद्रभूषण सिंह ने कहा कि सम्मान समारोह छात्रों में उत्साह और प्रेरणा का संचार करते हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अशोक कुमार भिवानी वाला ने कहा कि अनुशासन, प्रतिभा और संस्कार छात्रों के जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कठिन परिश्रम को सफलता का मूल मंत्र बताया।
इस अवसर पर कक्षा 10वीं और 12वीं के कुल 50 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में छात्रों ऋषिका, आनंद कुमार और नंदिता निधि समेत अन्य विद्यार्थियों ने अपने अनुभव भी साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य अजय कुमार के सेवानिवृत्ति उपरांत विदाई एवं सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया। उन्हें अंगवस्त्र एवं अर्जित अवकाश का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अतिथि परिचय प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने कराया, मंच संचालन डॉ. संजीव कुमार झा ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन अभिनंदन सिंह ने किया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित शशि भूषण मिश्र, शांतनु आनंद, रोहित कुमार, विनोद कुमार पांडे, मीडिया प्रभारी दीपक कुमार झा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।












