Advertisement

पूर्वी चंपारण में वज्रपात का कहर, चार बच्चों की मौत; एक की हालत गंभीर

-पूर्वी चंपारण में वज्रपात का कहर, चार बच्चों की मौत; एक की हालत गंभीर

-आग से जल कर छह घर हुए खाक

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

पूर्वी चंपारण जिले में सोमवार को मौसम के अचानक मिजाज बदलते ही हुए वज्रपात के कारण चार बच्चों की मौत हो गई है। जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल है। वज्रपात की घटनाएं जिले के सुगौली, रामगढ़वा और मुफ्फसिल थाना क्षेत्रों में हुई है। इस घटनाओं से पूरे जिले में शोक का माहौल है। प्रशासन से पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की मांग हो रही है। वहीं घटना के बाद पूरे इलाके में चित्कार मची है।

जानकारी के अनुसार जिले के सुगौली प्रखंड के उत्तरी छपरा बहास स्थित कैथवलिया गांव में दोपहर के समय बारिश और तेज गर्जन के बीच खेत में खेल रहे बच्चों पर अचानक बिजली गिर पड़ी। इस हादसे में मंजू सहनी की 8 वर्षीय पुत्री अंशू कुमारी और जयलाल सहनी के 15 वर्षीय पुत्र सन्नी देवल कुमार गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, रितु सहनी का 10 वर्षीय पुत्र मंतोष कुमार गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।

इसके अलावा जिले के रामगढ़वा थाना क्षेत्र के सिसवनिया गांव और मुफ्फसिल थाना क्षेत्रों में भी वज्रपात से एक-एक बच्चे की मौत की खबर है। जबकि रामगढवा थाना क्षेत्र में वज्रपात के कारण सिसवनियां गांव के छह घर आग की चपेट में आ गए। जहां ग्रामीण और फायरबिग्रेड ने आग पर काबू पाया। जिससे अन्य घर आग की चपेट मे आने से बच गए।

सभी घटनाएं बारिश और तेज गर्जना के दौरान हुईं। जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनीश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद गांवों में मातमी सन्नाटा है। पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मृतकों के परिजनों को शीघ्र मुआवजा और हर संभव सहायता देने की मांग की है।