-पुणे गए पति का नहीं मिल रहा सुराग, पत्नी ने लगाया धमकी देने का आरोप
मुजफ्फरपुर/बंदरा। पियर थाना क्षेत्र के बंगाही गांव में एक महिला ने अपने पति के लापता होने को लेकर थाना में आवेदन देकर पति की बरामदगी और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। महिला ने आरोप लगाया है कि पति के बारे में जानकारी मांगने पर उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़िता रंजन कुमारी ने गांव के मनीष कुमार शाह, सुमित कुमार शाह और अमित कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि करीब छह माह पहले नामित तीनों भाई उसके पति मोहन सिंह को मजदूरी कराने के लिए महाराष्ट्र के पुणे लेकर गए थे। वहां सभी एक डिस्पोजल ग्लास कंपनी में काम कर रहे थे।

महिला का कहना है कि बीते 12 मई को तीनों आरोपी गांव लौट आए, लेकिन उसके पति को साथ लेकर नहीं आए। जब वह 13 मई को अपने पति के बारे में जानकारी लेने उनके घर पहुंची तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने बताया कि उसी दिन से उसके पति मोहन सिंह का मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है, जिससे उसे किसी अनहोनी की आशंका सता रही है। मामले को लेकर महिला ने पियर थाना में लिखित आवेदन देकर पति की तलाश और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में पियर थाना अध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि महिला के आवेदन के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।












