Advertisement

पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए पर्यटकों की याद में राजापाकर में कैंडल मार्च

-पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए पर्यटकों की याद में राजापाकर में कैंडल मार्च

-शांति और एकता का दिया गया संदेश

राजापाकर | संजय श्रीवास्तव

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकवादी हमले में मारे गए निर्दोष पर्यटकों की आत्मा की शांति के लिए गुरुवार की शाम राजापाकर में कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। यह श्रद्धांजलि सभा राजापाकर थाने के समीप सैनिक कैंटीन परिसर से प्रारंभ होकर भुवनेश्वर चौक तक निकाली गई।

कैंडल मार्च में भूतपूर्व सैनिक, समाजसेवी, बुद्धिजीवी और स्थानीय शिक्षाविद बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी प्रतिभागी हाथों में मोमबत्तियां लिए मौन जुलूस के रूप में आगे बढ़े और हमले में मारे गए लोगों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।

मार्च के समापन पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने इस जघन्य आतंकी हमले की कठोर निंदा करते हुए कहा कि आतंकवाद मानवता के लिए अभिशाप है और इससे सख्ती से निपटना आवश्यक है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए देशवासियों से एकजुटता, शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की।

इस अवसर पर बजरंग प्रसाद सिंह, गुड्डू सिंह, भोलानाथ सिंह, गुलशन मिश्रा, राममनोहर सिंह, पंकज कुमार, सुधीर कुशवाहा, अभय कुमार, लक्ष्य भारत, राजेश कुमार सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।