-पटना में अजीबोगरीब मामला: दो बच्चों की मां को 15 साल की किशोरी से हुआ प्यार, दो बार लेकर हुई फरार
पटना। बिहार की राजधानी पटना से प्रेम प्रसंग का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दीघा थाना क्षेत्र में 32 वर्षीय शादीशुदा महिला पर अपने पड़ोस में रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगा है। महिला के दो बच्चे भी हैं।
बताया जा रहा है कि महिला और किशोरी के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे नजदीकियों में बदल गया। इसके बाद महिला किशोरी को अपने साथ लेकर फरार हो गई। परिजनों को जानकारी मिलने के बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला को गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। हालांकि, जमानत पर बाहर आने के बाद महिला ने कथित तौर पर दोबारा किशोरी को अपने साथ ले लिया और फरार हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई तेज की और पॉक्सो एक्ट के तहत महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने किशोरी को आरा से सकुशल बरामद कर लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। किशोरी के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। नाबालिग से जुड़े इस मामले में पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून के तहत दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।












