-दरभंगा में BDO के ठिकानों पर EOU की छापेमारी, आय से अधिक संपत्ति का मामला; 1.71 करोड़ की संपत्ति के साक्ष्य
दरभंगा। जिले के बहादुरपुर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) डॉ. आनंद कुमार विभूति के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को EOU की टीम ने सैदनगर के जनकपुरी स्थित उनके आवास समेत पांच अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में निगरानी कोर्ट के आदेश पर की जा रही है।
बताया जा रहा है कि डॉ. आनंद कुमार विभूति करीब दो माह पहले मुजफ्फरपुर जिले के कांटी प्रखंड से स्थानांतरित होकर बहादुरपुर के BDO पद पर आए थे। मंगलवार को EOU की टीम अचानक उनके आवास पर पहुंची और दस्तावेजों सहित अन्य सामानों की जांच शुरू कर दी।

आर्थिक अपराध इकाई के मुताबिक, जांच में BDO के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य मिले हैं। प्रारंभिक जांच में उनकी आय के ज्ञात स्रोतों की तुलना में 1 करोड़ 71 लाख 84 हजार रुपये की अधिक संपत्ति अर्जित किए जाने के साक्ष्य मिले हैं। यह संपत्ति उनकी आय से करीब 121.87 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है।
EOU की टीम पांच अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर दस्तावेज और अन्य संपत्तियों से संबंधित साक्ष्य जुटा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छापेमारी में क्या-क्या बरामद हुआ है और कुल कितनी संपत्ति से संबंधित जानकारी सामने आई है।
इधर, BDO के आवास पर EOU की छापेमारी की खबर फैलते ही आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। कार्रवाई को लेकर प्रशासनिक महकमे में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। फिलहाल EOU की कार्रवाई जारी है और विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की उम्मीद है।












