Advertisement

एचआईवी के खिलाफ गांव-गांव पहुंच रही स्वास्थ्य विभाग की मुहिम, लगे इंटीग्रेटेड हेल्थ कैंप

-एचआईवी के खिलाफ गांव-गांव पहुंच रही स्वास्थ्य विभाग की मुहिम, लगे इंटीग्रेटेड हेल्थ कैंप

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

एचआईवी-एड्स के प्रति जागरूकता और समय पर जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की मुहिम अब गांव तक पहुंच रही है। बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के निर्देश पर पूर्वी चंपारण में सघन अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में रविवार को सिविल सर्जन दिलीप कुमार की अध्यक्षता में आरोग्य सदन में बैठक हुई, जिसमें अधिकारियों और सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में तय किया गया कि लक्षित लाभार्थियों को समय पर जांच और परामर्श से जोड़ा जाए।

जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. संजीव ने बताया कि 12 अगस्त से 12 अक्टूबर तक इंटेंसिफाइड आईईसी 3.0 कैंपेन चल रहा है। जिले में लगे इंटीग्रेटेड हेल्थ कैंप में एचआईवी, सिफलिस, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी, टीबी, एनीमिया, ब्लड शुगर और हाइपरटेंशन की मुफ्त जांच, परामर्श और दवा दी जा रही है।

जिला प्रभारी पर्यवेक्षक संजय जायसवाल ने बताया कि जागरूकता के लिए रैली, पोस्टर, बैनर, रेड रिबन क्विज और नुक्कड़ नाटक जैसे कार्यक्रम हो रहे हैं। युवाओं और किशोरों को विशेष रूप से जागरूक किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सामान्य व्यवहार से एचआईवी नहीं फैलता। यह असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित खून चढ़ाने, संक्रमित सुई के इस्तेमाल और मां से बच्चे में फैलता है। भेदभाव नहीं, जागरूकता ही बचाव है।

अभियान का मकसद एचआईवी संक्रमण के तरीकों, रोकथाम अधिनियम 2017, गर्भवती महिलाओं में जांच, ब्रेक-फ्री एप से रिस्क एसेसमेंट, कंडोम के उपयोग और टोल फ्री हेल्पलाइन 1097 के प्रचार को बढ़ावा देना है।