-ऑपरेशन तलाश में बड़ी सफलता, 24 घंटे में छह लापता युवतियां सकुशल बरामद
मुजफ्फरपुर। घर से लापता या अपहृत युवतियों और महिलाओं की सुरक्षित बरामदगी को लेकर मुजफ्फरपुर पुलिस का विशेष अभियान ‘ऑपरेशन तलाश’ लगातार जारी है। वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए महज 24 घंटे के भीतर छह युवतियों को सकुशल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन तलाश के तहत घर से गायब होने वाली अथवा अपहरण के मामलों में दर्ज युवतियों की तलाश की जा रही है। इसके लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देकर लापता युवतियों की खोजबीन कर रही हैं।
इसी क्रम में गायघाट थाना पुलिस ने अलग-अलग जिलों से पांच युवतियों को बरामद किया। वहीं, हथौड़ी थाना पुलिस ने भी एक युवती को सकुशल बरामद करने में सफलता हासिल की। इस तरह 24 घंटे के भीतर कुल छह युवतियों की सुरक्षित बरामदगी हुई है।

बरामद युवतियों को पुलिस न्यायालय में प्रस्तुत करने की तैयारी में जुटी है। न्यायालय में उनका धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराया जाएगा। इसके बाद न्यायालय के आदेश के अनुसार नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डीएसपी ईस्ट वन अलय वत्स ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ‘ऑपरेशन तलाश’ के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि गायघाट थाना क्षेत्र से पांच और हथौड़ी थाना क्षेत्र से एक युवती को सकुशल बरामद किया गया है। सभी को न्यायालय में प्रस्तुत कर उनका बयान दर्ज कराया जाएगा।
पुलिस ने कहा कि लापता और अपहृत युवतियों की बरामदगी को लेकर अभियान आगे भी जारी रहेगा। ‘ऑपरेशन तलाश’ के माध्यम से ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाने और लापता युवतियों को सुरक्षित घर वापस लाने का प्रयास किया जा रहा है।












