-पंजाब भटिंडा में वायुसेना वारंट ऑफिसर रत्नेश कुमार का निधन, पैतृक गांव दिलावरपुर में उमड़ा जनसैलाब
राजापाकर/विदुपुर। संजय श्रीवास्तव।
बिदुपुर प्रखंड के दिलावरपुर पश्चिम निवासी और वायुसेना में पदस्थापित वारंट ऑफिसर रत्नेश कुमार का पार्थिव शरीर बुधवार को उनके पैतृक गांव लाया गया। शव आते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बीते 22 सितंबर को ड्यूटी के दौरान उन्हें अचानक हृदय में दर्द की शिकायत हुई थी। तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम के बाद वायुसेना के जवानों के साथ उनका शव विशेष विमान से पटना और वहां से गांव पहुंचाया गया।
अंतिम संस्कार स्थानीय विदुपुर घाट पर गंगा नदी के किनारे किया गया, जहां उपस्थित लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। शव के साथ वायुसेना से राजेश कुमार त्रिपाठी, संजीव कुमार यादव और असित पंडा भी पहुंचे थे।

मृतक के परिवार में उनकी पत्नी सूचित्रा देवी, पुत्र प्रियांशु (बी.टेक. छात्र) और पुत्री प्रिया (एमबीए छात्रा) शामिल हैं। उनके निधन से पूरा परिवार गहरे शोक में डूबा हुआ है।
शोक व्यक्त करने वालों में प्रो. प्रमोद शर्मा, सुनील शर्मा, आमोद शर्मा, संजीव सिंह, सुबोध कुमार, मनोज कुमार, लट्टू कुमार, रवि, प्रिंस समेत दर्जनों लोग शामिल रहे। ग्रामीणों ने उन्हें मिलनसार और मृदुभाषी व्यक्तित्व वाला बताया।
वायु सैनिक की असामयिक मृत्यु से पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।












