Advertisement

प्रेमिका से मिलने पहुंचा युवक पकड़ा गया, ग्रामीणों की पहल पर मंदिर में हुई शादी

-प्रेमिका से मिलने पहुंचा युवक पकड़ा गया, ग्रामीणों की पहल पर मंदिर में हुई शादी

मुजफ्फरपुर: जिले के औराई थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में प्रेमिका से मिलने पहुंचे कटरा थाना क्षेत्र के एक युवक को कल रात ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के परिजनों और ग्रामीणों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। आपसी सहमति बनने के बाद दोनों का विवाह कराने का निर्णय लिया गया। इसके बाद औराई प्रखंड परिसर स्थित शिव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दोनों की शादी संपन्न कराई गई।

जानकारी के अनुसार, युवक कल रात अपनी प्रेमिका से मिलने रामपुर गांव पहुंचा था। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर दोनों पर पड़ गई। ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई। इसके बाद दोनों पक्षों के परिजनों और ग्रामीणों के बीच बातचीत शुरू हुई।

 

काफी देर तक चले विचार-विमर्श के बाद दोनों परिवार शादी के लिए सहमत हो गए। इसके बाद युवक और युवती को औराई प्रखंड परिसर स्थित शिव मंदिर ले जाया गया, जहां पंडित रौशन कुमार झा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह की रस्में पूरी कराईं।
युवती के पिता नहीं होने के कारण गांव के समाजसेवी आरजू अहसन करीमी ने कन्यादान की रस्म निभाई। विवाह संपन्न होने के बाद वहां मौजूद ग्रामीणों और परिजनों ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।

प्रेम प्रसंग के इस मामले में ग्रामीणों और परिजनों की पहल पर शादी का निर्णय लिए जाने की घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। विवाह संपन्न होने के बाद दोनों पक्षों के बीच मामला शांत हो गया।