-कुएं में गिरी भैंस को 45 मिनट के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित निकाला गया
वैशाली। महनार अनुमंडल क्षेत्र में एक पुराने कुएं में गिरी भैंस को पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना मिलते ही महनार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी से समन्वय स्थापित किया और अग्निशमन विभाग की टीम को मौके पर भेजा।
सूचना मिलने के कुछ ही मिनटों में महनार एसडीपीओ की क्यूआरटी टीम और अग्निशमन विभाग के कर्मी घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके बाद जवानों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

पुराना और जर्जर कुआं होने के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण था। कुएं में सीमित जगह और हादसे के खतरे के बीच जवानों ने पूरी सावधानी बरतते हुए रस्सियों और विशेष बचाव उपकरणों की मदद से भैंस को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।
करीब 45 मिनट तक चले लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद टीम ने भैंस को सकुशल कुएं से बाहर निकाल लिया। बेजुबान जानवर की जान बचाने के लिए पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम की तत्परता की स्थानीय लोगों ने सराहना की।













