-पंचायतों में औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप, अनुपस्थित कर्मियों पर कार्रवाई; पंचायत सचिव से HRA वसूली शुरू
मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक।प्रखंड विकास पदाधिकारी आमना वसी ने पीरापुर एवं सिमरा पंचायत का औचक निरीक्षण कर पंचायत स्तर पर संचालित कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान दोनों पंचायतों में कई कर्मी अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित पाए गए, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से सभी अनुपस्थित कर्मियों से स्पष्टीकरण (शो-कॉज) मांगते हुए उनके वेतन में कटौती करने का निर्देश दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से पंचायत कर्मियों के बीच हड़कंप मच गया है।
निरीक्षण के दौरान पीरापुर पंचायत में नवनिर्मित पंचायत भवन की आवासीय बिल्डिंग बदहाल और उपेक्षित अवस्था में मिली। जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित पंचायत सचिव सरकारी आवास में निवास नहीं कर रहे हैं, बल्कि प्रखंड मुख्यालय से करीब 20 से 25 किलोमीटर दूर रह रहे हैं, जो नियमों के विपरीत माना गया।

मामले को गंभीर मानते हुए पंचायत सचिव से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही उन्हें मिल रहे मकान किराया भत्ता (एचआरए) की वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी आमना वसी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि कार्य में लापरवाही, अनुपस्थिति और सरकारी नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के निरीक्षण जारी रहेंगे और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।












