Advertisement

नेपाल जेसीज का 52वां राष्ट्रीय अधिवेशन शुक्रवार से, जनकपुरधाम में सभी तैयारियां पूरी

-नेपाल जेसीज का 52वां राष्ट्रीय अधिवेशन शुक्रवार से, जनकपुरधाम में सभी तैयारियां पूरी

जनकपुरधाम। मिश्री लाल मधुकर।

नेपाल जेसीज का 52वां राष्ट्रीय महाधिवेशन शुक्रवार से जनकपुरधाम के ऐतिहासिक तिरहुतिया गाछी में आयोजित होने जा रहा है। इस तीन दिवसीय महाधिवेशन में नेपाल भर की विभिन्न शाखाओं से 2500 से अधिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। साथ ही जेसीज के वर्ल्ड वाइस प्रेसिडेंट जापान के सुजुकी सहित कई देशों के अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के भी भाग लेने की संभावना है।

यह जानकारी गुरुवार को नेपाल जेसीज एवं जनकपुर जेसीज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जेसी मुकेश कुमार साह ने पत्रकारों को दी। उन्होंने बताया कि महाधिवेशन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

महाधिवेशन निर्देशक सुधीर पंजियार ने बताया कि राष्ट्रीय महाधिवेशन के दौरान सौ से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें मिथिला पेंटिंग, मिथिला क्षेत्र के लघु एवं कुटीर उद्योगों से जुड़े उत्पाद, पारंपरिक मिथिला व्यंजन सहित अन्य आकर्षक स्टॉल शामिल हैं, जो मिथिला की समृद्ध संस्कृति और विरासत को दर्शाएंगे।

आयोजकों के अनुसार इस राष्ट्रीय महाधिवेशन में लगभग दो करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने की संभावना है। आयोजन में जनकपुरधाम उप-महानगरपालिका सहित विभिन्न दात्री संस्थाओं और संगठनों का सहयोग प्राप्त हुआ है।

राष्ट्रीय महाधिवेशन का मुख्य उद्देश्य नेतृत्व विकास, युवा सशक्तिकरण, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को सशक्त बनाना है। इसके साथ ही इस आयोजन के माध्यम से जनकपुरधाम को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान और प्रवर्धन देने का भी लक्ष्य रखा गया है।