चंपारण की खबर::
-नहर से सिंचाई का लाभ नहीं मिल रहा किसानों को, करें कार्रवाई: ममता राय
– तिरहुत नहर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को पत्र भेजकर जताई नाराजगी
मोतिहारी / राजन द्विवेदी।
जिला परिषद अध्यक्ष ममता ने नहरों की देखरेख उचित तरीके से नहीं होने और किसानों को सिंचाई सुविधा ठीक से नहीं मित्नने पर नाराजगी जताते हुए तिरहुत नहर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को पत्र भेजकर शीघ्र कार्रवाई करने को कहा है। बताया है कि विभागीय अधिकारियों द्वारा सतत् निगरानी नहीं किए जाने के कारण नहर बांध को काट कर कुछ असमाजिक तत्व खुद का सिंचाई लाभ उठा रहे हैं। जिप अध्यक्ष श्रीमती राय ने बताया है कि तेजपुरवा वितरणी एवं बरकूरवा उप वितरणी में पानी का बहाव ठीक करने के लिए अथक प्रयास कर नहर की साफ-सफाई कराकर समतल बनाया गया ताकि नहर में आरंभ से अंत तक पानी आ सके और जरूरत मंद किसान लाभान्वित हो सकें। लेकिन मामले में विभागीय अधिकारी और कर्मचारी निगरानी नहीं कर रहे हैं। वैसे में जब जिले में सुखाड़ की स्थिति बन गई है और किसानों को नहर से सिंचाई लाभ नहीं मिलने से वे परेशान हैं।

बताया कि अभी सिचाई का समय हैं और नहर कि सफाई के बाद पानी आ गया है। परंतु स्थल अभियंता के द्वारा सतत् निगरानी नहीं करने एवं उनके मिली भगत से नहर का बांध काटकर असमाजिक तत्वों के लोग अवैध रूप से अपने-अपने खेतों में पानी पटा रहें हैं जिससे पानी का बहाव प्रभावित हो रहा हैं और अधिकांश लोग पटवन से वंचित हो रहें हैं। उक्त नहर से अहिरवलिया, बरकूरवा, लखनीपुर, कोटवा, रढिया, रायटोला, लौरिया, झखरा, भेलानारी सहित आगे कई गांवों के किसानों को लाभ होगा।
श्रीमती ममता राय ने तिरहुत नहर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया है कि अपने स्तर से इसकी जांच करें और संबंधित दोषी अभियंता पर कार्रवाई करें।
















