-देश की तस्वीर बदली है, 2047 तक विकसित राष्ट्र का लिया है संकल्प : राधामोहन सिंह
– महात्मा गांधी ऑडिटोरियम में ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ का हुआ आयोजन-2014 के बाद आम आदमी का सपना साकार हुआ है : श्रेयसी सिंहमोतिहारी, राजन द्विवेदी।
महात्मा गांधी ऑडिटोरियम में बुधवार को ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ का आयोजन हुआ। सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष पवन राज ने की और संचालन उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद ने किया।
सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह और बिहार सरकार की खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और वंदेमातरम से हुई।
सांसद राधा मोहन सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, इंफ्रास्ट्रक्चर, महिला सशक्तिकरण और किसान कल्याण योजनाओं से देश की तस्वीर बदली है। उन्होंने कहा कि रेलवे का आधुनिकीकरण, वंदे भारत ट्रेनें, स्टेशन पुनर्विकास, डिजिटल भुगतान और यूपीआई ने कनेक्टिविटी और नागरिक सेवाओं को आसान बनाया है। भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है।

खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि 2014 के बाद आम आदमी का सपना साकार हुआ है। विकसित भारत का सपना युवाओं की भागीदारी से ही पूरा होगा। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल और कौशल विकास में आगे आने की अपील की। उन्होंने बताया कि जिले में दो एकलव्य स्कूल खुलेंगे जहां बच्चों को आवास-भोजन की सुविधा मिलेगी और 30 करोड़ की लागत से एमएस कॉलेज में आउटडोर स्टेडियम बन रहा है। बिहार में अब 30 दिन के अंदर उद्योग लाइसेंस देने की व्यवस्था की गई है।
सम्मेलन में विधायक प्रमोद कुमार, कृष्णनंदन पासवान, सचिन्द्र प्रसाद सिंह, श्यामबाबू यादव, मछुआरा आयोग अध्यक्ष ललन सहनी, पूर्व विधायक सुनील मणि तिवारी समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बुद्धिजीवी मौजूद रहे।
समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए अपने दायित्व निभाने का संकल्प लिया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम समाप्त हुआ।












