Advertisement

देवानगंज हिंसा पर मधेशवादी दलों की संयुक्त अपील, रोहिंग्या व बांग्लादेशी घुसपैठियों को निष्कासित करने की मांग

-देवानगंज हिंसा पर मधेशवादी दलों की संयुक्त अपील, रोहिंग्या व बांग्लादेशी घुसपैठियों को निष्कासित करने की मांग

जनकपुरधाम, मिश्री लाल मधुकर। सुनसरी जिले के देवानगंज में दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक कांवरिया की मौत तथा कई अन्य कांवरियों के घायल होने की घटना पर मधेशवादी दलों ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर शांति, सद्भाव और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
जनता समाजवादी पार्टी नेपाल, राष्ट्रीय मुक्ति पार्टी नेपाल, जनमत पार्टी तथा राष्ट्रीय निर्माण दल द्वारा जारी संयुक्त विज्ञप्ति में कहा गया है कि वर्तमान परिस्थितियों में सभी नेपाली नागरिकों को आपसी भाईचारा, सामाजिक सद्भाव और संयम बनाए रखना चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की सांप्रदायिक तनावपूर्ण स्थिति को बढ़ने से रोका जा सके।
विज्ञप्ति में आरोप लगाया गया है कि घटना के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने दमनकारी नीति अपनाई। दलों ने घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मृतक कांवरिया को शहीद घोषित करने, उसके परिजनों को आर्थिक सहायता एवं रोजगार उपलब्ध कराने तथा सभी घायलों के समुचित और निःशुल्क इलाज की व्यवस्था करने की मांग भी सरकार से की गई है।


संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में यह भी मांग उठाई गई है कि नेपाल में अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्या एवं बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान कर उन्हें कानून के अनुसार नेपाल से निष्कासित किया जाए।
इस संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति पर जनता समाजवादी पार्टी नेपाल के संयोजक महंत ठाकुर, राष्ट्रीय मुक्ति पार्टी नेपाल के अध्यक्ष राजेंद्र महतो, जनमत पार्टी के अध्यक्ष डॉ. सी.के. राउत, राष्ट्रीय निर्माण दल के अध्यक्ष समीम अंसारी तथा संविधान सभा सदस्य राम कुमार शर्मा के हस्ताक्षर हैं।