-दारोगा नंद किशोर का नाम गैलेंट्री अवार्ड के लिए केंद्र को भेजेगी सरकार, मवेशी चोरों ने गोली मारकर की थी हत्या
पटना।सम्वाददाता।
मवेशी चोरों को पकड़ने के दौरान मुठभेड़ में बलिदान हुए समस्तीपुर के मोहनपुर ओपी प्रभारी दारोगा नंदकिशोर यादव को गैलेंट्री अवार्ड की अनुशंसा की गई है।
पुलिस मुख्यालय के एडीजी जितेंद्र सिंह गंगवार ने बताया कि बलिदानी दारोगा ने अपनी जान की परवाह न करते हुए अपराधियों से लोहा लिया था।
इसे देखते हुए स्थानीय आईजी और एसपी के स्तर से उनको गैलेंट्री अवार्ड के लिए अनुशंसित करने की कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस मुख्यालय इसे केंद्र सरकार को अनुशंसित करेगा। उनकी शहादत पर बिहार पुलिस को गर्व है। बिहार पुलिस दारोगा के परिजनों को यथासंभव सहायता दे रही है।
उजियारपुर थाना क्षेत्र शहबाजपुर गांव में मवेशी चोरों की सूचना पर छापेमारी करने पहुंचे मोहनपुर ओपी थानाध्यक्ष नंदकिशोर यादव को गोली मार दी गई थी। मवेशी चोरों ने उन्हें आंख के पास गोली मारी थी।

थानाध्यक्ष को गंभीर स्थिति में दलसिंहसराय अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया था। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया था। इसके बाद बेगूसराय के निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। यह घटना 14 अगस्त की मध्यरात्रि में घटी थी।
दरअसल, मोहनपुर ओपी क्षेत्र में लगातार हो रही मवेशी चोरी की घटना को लेकर ओपी अध्यक्ष ने चोर के एक गिरोह को गिरफ्तार किया था।
इसकी निशानदेही पर दलसिंहसराय के पांड गांव में टीम छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान उजियारपुर थाना क्षेत्र के सहबाजपुर हनुमान मंदिर के पास ट्रक लेकर खड़े चोर गिरोह के अन्य बदमाशों ने ओपी थानाध्यक्ष नंद किशोर यादव को गोली मार दी थी।
गोली मारने के बाद बदमाश ट्रक लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने एक पिकअप मालवाहक गाड़ी को जब्त जरूर की थी। घटनास्थल से उजियारपुर पुलिस को एक भगवा गमछा भी मिला था, इसमें कई गोलियों को बांधकर रखा गया था।
नंदकिशोर यादव 2009 बैच के पुलिस अवर निरीक्षक थे
47 वर्षीय दारोगा नंदकिशोर यादव अररिया जिले के पलासी थाना क्षेत्र के राम करोड़ डेहरी गांव के निवासी थे। वर्ष 2009 में पुलिस अवर निरीक्षक के रूप में उनकी नियुक्ति हुई थी।
वह दलसिंहसराय थाने में एसआई (सब इंस्पेक्टर) के पद पर तीन माह तक तैनात रहे थे। दलसिंहसराय से ही उन्हें मोहनपुर में ओपी अध्यक्ष बनाकर भेजा गया था। पत्नी अमृता के अलावा उनके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं।
इधर, मोहनपुर ओपी अध्यक्ष दारोगा नंद किशोर यादव हत्याकांड में शामिल शामिल चार मवेशी चोरों को एसआईटी ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।
हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए एसपी विनय तिवारी ने प्रेस वार्ता कर मीडिया को जानकारी दी। एसआईटी ने आरोपियों से एक ट्रक भी बरामद किया था।
हत्याकांड में शामिल चार मवेशी चोर नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के गराय विगहा गांव के महेश प्रसाद के पुत्र रहीस कुमार, चिकसौरा थाना क्षेत्र के भवानी बिगहा गांव के धनेश यादव के पुत्र धनंजय कुमार, कराय परशुराय थाना क्षेत्र सांढ विगहा गांव के मिथिलेश गोप के पुत्र विकास कुमार एवं खुसरूपुर थाना क्षेत्र के लोदीपुर गांव निवासी नंदू सिंह के पुत्र रवि कुमार की गिरफ्तारी हुई है।












