-नेपाल में भारी बारिश से गंडक-कोसी में उफान, बिहार में हाई अलर्ट; अगले 48 घंटे अहम
पटना/बगहा। नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश का असर बिहार की नदियों पर दिखने लगा है। गंडक और कोसी नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि के बाद जल संसाधन विभाग ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। सभी संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है। अगले 48 घंटे को स्थिति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वाल्मीकिनगर गंडक बराज पर शुक्रवार रात 10 बजे 1.72 लाख क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया था, जो शनिवार सुबह 11 बजे बढ़कर 2.86 लाख क्यूसेक हो गया। वहीं, नेपाल के देवघाट में शनिवार सुबह 10:35 बजे करीब 4 लाख क्यूसेक पानी दर्ज किया गया। विभाग के अनुमान के अनुसार 27 सितंबर की रात तक वाल्मीकिनगर बराज पर डिस्चार्ज बढ़कर 3.81 लाख क्यूसेक तक पहुंच सकता है।

इधर, बगहा में पिछले 48 घंटे से हो रही लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। निचले और नदी के तटवर्ती इलाकों में बाढ़ का पानी प्रवेश करने लगा है। प्रशासन ने संवेदनशील तटबंधों और स्लुइस गेटों पर रात में विशेष गश्ती बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।
जल संसाधन विभाग ने तटबंधों पर सीपेज, कटाव और ओवरटॉपिंग की स्थिति पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के लगातार संपर्क में रहने का निर्देश दिया है। विभाग ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।












