Advertisement

दरगाह चौक पर ठनका गिरने से मचा हड़कंप, पेड़ में लगी आग, लोगों में दहशत

-दरगाह चौक पर ठनका गिरने से मचा हड़कंप, पेड़ में लगी आग, लोगों में दहशत

मुजफ्फरपुर जिले के कटरा प्रखंड क्षेत्र स्थित दरगाह चौक पर शुक्रवार को भारी बारिश के दौरान अचानक ठनका गिरने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज गर्जना और जोरदार आवाज के साथ ठनका तार के पास स्थित एक पेड़ पर गिरा, जिससे पेड़ के ऊपरी हिस्से में आग लग गईl

घटना के समय आसपास मौजूद लोग तेज आवाज सुनकर भयभीत हो गए। पेड़ में आग की लपटें उठती देख लोग आश्चर्यचकित रह गए। कुछ देर तक इलाके में दहशत का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश और गरज के बीच अचानक हुई इस घटना ने सभी को सहमा दिया।

घटना का दृश्य देखने के लिए आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन से तस्वीरें और वीडियो बना लिए, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने बारिश और ठनका के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।