-जय श्रीराम के उद्घोष के साथ निकला भव्य रामनवमी जुलूस, जामदोबा में गूंजा भक्तिमय माहौल
झरिया। सतीश कुमार। रामनवमी के पावन अवसर पर जामदोबा बाजार में जय भारत संगठन दल की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य जुलूस का आयोजन किया गया। शुक्रवार को जामदोबा शिव मंदिर प्रांगण से निकला यह जुलूस पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बना रहा।
जुलूस की शुरुआत मंदिर प्रांगण से “जय श्रीराम” के उद्घोष और ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ हुई। श्रद्धालु और युवक पूरे उत्साह के साथ जुलूस में शामिल हुए। जुलूस जब विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा, तब पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल छा गया।

इस दौरान युवकों ने लाठी, डंडे और तलवार के साथ हैरतअंगेज करतब दिखाए, जिसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह जुलूस का स्वागत किया और भगवान श्रीराम के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम में समिति के ललन पांडे, सतीश श्रीवास्तव, नंदू यादव, वार्ड पार्षद जय कुमार, अनुरंजन सिंह, लाइसेंसधारी सुभाष गुप्ता समेत अन्य कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।










