Advertisement

जनता सहयोगी का 15वां साधारण सभा भव्यता के साथ संपन्न

-जनता सहयोगी का 15वां साधारण सभा भव्यता के साथ संपन्न

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर।

जनता सहयोगी बचत तथा ऋण संस्था लिमिटेड की 15वीं साधारण सभा शनिवार को पंजियार भवन में भव्यता एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। सभा की अध्यक्षता राम नरेश साह सूड़ी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रमुख अतिथि समाजसेविका शुभ ढुंगाना, विशिष्ट अतिथि प्रो. रणधीर झा एवं सुजाता थापा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर प्रमुख अतिथि शुभ ढुंगाना ने कहा कि जनता सहयोगी बचत तथा ऋण संस्था की शुरुआत बहुत कम पूंजी से की गई थी, लेकिन आज संस्था की जमा पूंजी में सौ गुना से अधिक वृद्धि हुई है। यह उपलब्धि संस्था के एजेंटों, बचतकर्ताओं, ऋणधारकों एवं शेयरधारकों के सहयोग से संभव हो पाई है।
विशिष्ट अतिथि प्रो. रणधीर झा ने अपने संबोधन में कहा कि नियमित रूप से थोड़ी-थोड़ी बचत कर ब्याज के साथ बड़ी राशि प्राप्त की जा सकती है, जिससे आवश्यक कार्यों को पूरा किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि जनता सहयोगी बचत संस्था नेपाल राष्ट्र बैंक के दिशा-निर्देशों के अनुरूप गरीब किसानों को पशु खरीद, छोटे व्यवसाय तथा अन्य आवश्यकताओं के लिए अचल संपत्ति के आधार पर ऋण उपलब्ध कराती है। साथ ही संस्था स्वास्थ्य शिविर सहित कई सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है।


सुजाता थापा ने कहा कि महिलाएं अपने घरेलू कार्यों से बचाई गई राशि को इस संस्था में जमा कर ब्याज सहित अच्छी रकम प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने पुराने समय की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले महिलाएं भोजन बनाते समय एक मुट्ठी चावल बचाती थीं, जबकि आज के समय में महिलाएं धनराशि जमा कर आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं।
कार्यक्रम में अर्चना कुमारी झा, समरूल खातुन, दुखनी देवी, अनिता महरा, ओम प्रकाश पंजियार सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। सभा के अंत में संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया।